मुंबई: मशहूर गायिका और स्वर कोकिला लता मंगेशकर के स्वास्थ्य पर हेल्थ अपडेट आया है। मालूम हो 90 साल की लता मंगेशकर को सांस लेने में दिक्कत होने के बाद कल ही ब्रीच केंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें वायरल इन्फेक्शन के साथ साथ फेफड़ों में संक्रमण होने के कारण आईसीयू में रखा गया था लेकिन अब भी उनकी तबियत क्रिटिकल स्टेज में है। लता मंगेशकर के मैनेजर के मुताबिक उनकी हालत में अब सुधार है।
इंडिया टीवी से खास बातचीत में ब्रीच केंडी के डॉक्टर प्रतीत समदानी ने बताया है कि लता मंगेशकर की हालत अभी भी चिंताजनक है। डॉक्टर समदानी ने कहा कि उनका लेफ्ट वेंट्रिक्यूलर फेल हो चुका है और निमोनिया ने भी लता मंगेशकर को जकड़ा हुआ है।
डॉक्टर समदानी ने कहा कि हालांकि लता मंगेशकर के स्वास्थ्य में पिछले दिन की अपेक्षा सुधार है लेकिन तबियत अभी भी क्रिटिकल बनी हुई है और डॉक्टरों की एक टीम उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।
आज सुबह अभिनेत्री और सांसद हेमा मालिनी ने लता मंगेशकर के स्वास्थ्य को लेकर ट्वीट किया था जिसमे उनके स्वास्थ्य को क्रिटिकल स्टेज पर बताया था। हेमा मालिनी ने उनके जल्द ठीक होने की दुआ करते हुए उनका हेल्थ अपडेट दिया था।
हेमा मालिनी ने लिखा है- लता मंगेशकर जी के लिए प्रार्थना, जो अस्पताल में भर्ती हैं और गंभीर हालत में हैं। भगवान उन्हें इस संकट से बाहर निकलने की शक्ति दें जिससे वो हमारे बीच बनी रहें। राष्ट्र की भारत रत्न, भारत की कोकिला लता जी के लिए दुआ करती हूं।
Prayers for @mangeshkarlata who is hospitalised & is reported to be in a critical condition. God give her the strength to come out of this crisis & continue to be in our midst. The nation prays for Bharat Ratna Lata ji, the nightingale of India pic.twitter.com/n9WKw6Drfw
— Hema Malini (@dreamgirlhema) November 12, 2019
अपने सुरीली आवाज से दुनिया भर को दीवाना बना चुकी स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने 28 सितंबर को अपना 90वां जन्मदिन मनाया था। साल 2001 में उन्हें भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' दिया गया था। उन्होंने 36 भारतीय भाषाओं में गाने रिकार्ड कराए हैं।
साल 1929 को जन्मीं लता मंगेशकर को कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कारों के अलावा दादा साहब फाल्के पुरस्कार और फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार, ऑफिसर ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर से भी सम्मानित किया गया है।